पुलिस अधीक्षक श्रीमति निकिता खट्टर का थाना शहर टोहाना, थाना सदर टोहाना व सीआईए टोहाना का औचक निरीक्षण

टोहाना/सुनील सम्भ्रवाल

पुलिस अधीक्षक श्रीमति निकिता खट्टर, ने जिला पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से टोहाना क्षेत्र की विभिन्न पुलिस इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना शहर टोहाना, थाना सदर टोहाना तथा सीआईए टोहाना का क्रमवार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत थाना शहर टोहाना से की गई, जहां थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए रिकॉर्ड रजिस्टर, रोजनामचा, लंबित मामलों, शिकायतों के निस्तारण तथा दस्तावेजों के रख-रखाव की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अपडेट व सुव्यवस्थित होने चाहिए तथा प्रत्येक मामले में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, ड्यूटी व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति का भी जायजा लिया।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक थाना सदर टोहाना पहुंचीं, जहां थाना प्रभारी निरीक्षक शादी राम ने उनका स्वागत कर थाना की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से मालखाना का निरीक्षण किया और जब्त संपत्ति के सुरक्षित रख-रखाव, उचित रिकॉर्डिंग तथा समय पर निपटान के संबंध में सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मालखाना प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जांच अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निष्पक्ष व शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक सीआईए टोहाना पहुंचीं, जहां प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार मौजूद रहे। उन्होंने सीआईए यूनिट की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्रवाई, विशेष अभियानों तथा चल रहे मामलों की प्रगति की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने टीम को निर्देश दिए कि संगठित अपराध, चोरी, लूट व अन्य गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द काबू किया जाए तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएसपी टोहाना श्री जय भगवान भी मौजूद रहे और उन्होंने संबंधित इकाइयों की गतिविधियों के बारे में पुलिस अधीक्षक को विस्तृत जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने, ड्यूटी के प्रति पूर्ण निष्ठा रखने तथा कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। थाना में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सौम्य, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित व निष्पक्ष निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए ताकि आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि सभी इकाइयां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं, ताकि अपराधों की रोकथाम में और अधिक सफलता प्राप्त की जा सके। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण, प्रभावी निगरानी और जवाबदेही तय करने से ही पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

जिला पुलिस द्वारा इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखते हुए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।