पदभार संभालते ही एक्शन मोड में एसपी निकिता खट्टर: नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, कानून व्यवस्था पर सख्त नजर

पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस ने पदभार संभालते ही जिले में नशा तस्करी और कानून व्यवस्था को लेकर अपना सख्त रुख स्पष्ट कर दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने गुरुनानकपुरा क्षेत्र में लगाए गए नाकों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौके पर तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली, सतर्कता और अनुशासन का गहन मूल्यांकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के खिलाफ अभियान हो या कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी?किसी भी स्तर पर लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी ने निर्देश दिए कि हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की सघन जांच सुनिश्चित की जाए, विशेषकर रात्रि के समय अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि को प्रारंभिक स्तर पर ही सख्ती से रोका जाए और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखा जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि फतेहाबाद पुलिस ?जीरो टॉलरेंस? नीति के तहत कार्य कर रही है, जिसके अंतर्गत नशा तस्करों, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय करने, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

अंत में एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास पूरी दृढ़ता और सख्ती के साथ निरंतर जारी रहेंगे तथा किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।