सालासर धाम में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी श्री बाला जी लंगर सेवा समिति रतिया, लगाया चाय-ब्रेड व जूस का 11वां लंगर

रतिया (सुनील सम्भ्रवाल)

श्री बाला जी सेवा लंगर समिति रतिया द्वारा आज पवित्र सालासर धाम में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चाय, ब्रेड और जूस का 11वां विशाल लंगर लगाया गया। इस सेवा कार्य में समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित किया।

धाम में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच समिति द्वारा की गई यह सेवा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सुबह से ही समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में जुट गए थे और पूरे दिन निरंतर श्रद्धालुओं को चाय, ब्रेड व जूस वितरित करते रहे। श्रद्धालुओं ने भी इस सेवा भावना की सराहना करते हुए समिति के प्रयासों को पुण्य कार्य बताया।

इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री विनोद जगा, नगर पालिका के वाइस चेयरमैन जोगेंद्र उर्फ नंदा, सर्व समाज सभा के सचिव रणधीर सिंह, जगदेव सिंह, सुनील कुमार, तरसेम सिंह, लवली कुमार, बिन्टा, हैप्पी सहनाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सेवा कार्य में सहयोग दिया और बाला जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सेवा की जा सके। उन्होंने कहा कि सेवा ही सच्ची भक्ति है और इसी भावना के साथ समिति समय-समय पर इस प्रकार के आयोजन करती रहती है।

इस अवसर पर पूरे वातावरण में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।