रतिया में खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, युवाओं ने दिखाया जोश और प्रतिभा

रतिया (सुनील सम्भ्रवाल)

रतिया में आज श्री गुमटसर स्पोर्ट्स टैलेंट लाइव ट्रस्ट द्वारा बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ एक भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे माहौल में खेल भावना और जोश देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरदार सुखजिंदर सिंह जटाना ने शिरकत की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक रहने, नशे से दूर रहने और जीवन में अनुशासन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती और टीम भावना भी विकसित करते हैं।

प्रतियोगिता के दौरान हैंडबॉल, रस्सा-कस्सी, लॉन्ग जंप, हाई जंप, वॉक रेस और शॉटपुट जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

आज के ?बेस्ट प्लेयर? का खिताब भवनदीप सिंह जटाना और पावनी जैन को दिया गया, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि और समिति सदस्यों द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।

इस सफल आयोजन ने क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।

---