फिरोजपुर मंडल ने 42 कंटेनरों का बासमती चावल रेक भेजकर दर्ज की नई उपलब्धि

फिरोजपुर। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। लगातार प्रयासों और विभिन्न हितधारकों के साथ समन्वय के परिणामस्वरूप 31 मार्च को फिल्लौर स्थित कॉनकॉर टर्मिनल से 42 कंटेनरों में लदा बासमती चावल का एक रेक रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस कंटेनर रेक में हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता के लिए भेजे जाने वाले कंटेनर शामिल थे। यह रेक नीरज जैन,पंकज जैन और श्रीनिवास रोडवेज के साथ सतत समन्वय एवं सहयोग के माध्यम से सफलतापूर्वक भेजा गया। इस लोडिंग से मंडल के माल यातायात में वृद्धि हुई है और रेल राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रेलवे द्वारा व्यापारियों को किफायती, समयबद्ध और ?डोर-टू-डोर? परिवहन सेवा उपलब्ध कराए जाने से व्यापारिक वर्ग का भरोसा रेलवे पर लगातार मजबूत हो रहा है। फिरोजपुर मंडल के निरंतर प्रयासों से न केवल माल ढुलाई में वृद्धि हो रही है, बल्कि व्यापारियों के बीच रेलवे की विश्वसनीयता भी बढ़ती जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 27 फरवरी 2026 को फिल्लौर स्थित कॉनकॉर टर्मिनल से 52 कंटेनरों में लदा बासमती चावल का एक रेक भेजा गया था। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/एफएस मनु गर्ग ने बताया कि फिरोजपुर मंडल द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों से माल परिवहन क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है और यह उपलब्धि रेलवे के व्यावसायिक विकास को दर्शाती है।