खेरागढ़ नगर पंचायत में तीन मनोनीत सभासदों ने ली शपथ, विकास को नई गति देने का संकल्प

खेरागढ़, सोमवार। नगर पंचायत कार्यालय खेरागढ़ में सोमवार को शासन द्वारा मनोनीत तीन सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह सादगीपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

उपजिलाधिकारी ऋषि राव ने पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन गोयल, भाजपा नेता रामबाबू राजपूत तथा पूर्व सभासद लक्ष्मी कुशवाह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत तीनों सभासदों ने अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मनोनीत सभासद मोहन गोयल ने कहा कि शासन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को प्राथमिकता के आधार पर निभाया जाएगा तथा नगर पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी सभासदों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने नगर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत चेयरमैन सुधीर गर्ग ?गुड्डू? ने नव-नियुक्त सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी। अधिशासी अधिकारी मोहम्मद राजा ने भी प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

इस दौरान सचिन गोयल, सभासद रम्बो लाल गोयल, हृदेश मंगल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नगर पंचायत कर्मचारी उपस्थित रहे।