खेरागढ़ उपडाकघर में बुजुर्ग से अभद्रता, वीडियो वायरल

खेरागढ़। स्थानीय उप डाकघर में शुक्रवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना 27 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 02:54 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने निजी कार्य से उपडाकघर पहुंचे थे। चश्मा घर पर भूल आने के कारण उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी से फॉर्म भरने में सहायता का अनुरोध किया। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने सहायता करने के बजाय उनके साथ अभद्रता की और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।

वायरल वीडियो में कर्मचारी द्वारा बुजुर्ग से कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा रहा है? "इतने पढ़े-लिखे हो तो खुद क्यों नहीं भर लेते।" इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

सरकारी कार्यालय में इस प्रकार का व्यवहार न केवल सेवा भावना के विपरीत है, बल्कि बुजुर्ग नागरिकों के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाला है। नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल, संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।