उत्तर पश्चिम रेलवे ने माल लदान में बनाया नया कीर्तिमान, दूसरी बार 30 मिलियन टन का आंकड़ा पार

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने माल लदान के क्षेत्र में एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 मार्च 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे ने कुल 30.22 मिलियन टन माल लदान कर दूसरी बार 30 मिलियन टन लोडिंग का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि क्षेत्र की औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में उत्तर पश्चिम रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि महाप्रबंधक अमिताभ के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में रेलवे ने इस वर्ष माल लदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि यह आंकड़ा पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की इसी अवधि की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत अधिक है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 30 मिलियन टन का लक्ष्य भी समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इससे पहले वित्तीय वर्ष 2022-23 में पहली बार 30 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार किया गया था। इसके बाद लगातार माल परिवहन में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जो परिचालन दक्षता, बेहतर कार्य योजना, समयबद्ध सेवाओं और ग्राहक केंद्रित कार्यशैली का परिणाम है।

रेलवे द्वारा सीमेंट, खनिज, कंटेनर परिवहन और कृषि उत्पादों जैसे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कुशल परिवहन व्यवस्था के चलते यह उपलब्धि संभव हो पाई है। इसके साथ ही आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर ट्रैक क्षमता और डिजिटल तकनीकों के उपयोग से माल परिवहन अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम बना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने कहा कि माल परिवहन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने तथा ग्राहकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।