बांद्रा टर्मिनस-भिवानी-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी, समय में भी बदलाव

ग्रीष्मावकाश पर यात्रियों को बड़ी राहत, बांद्रा टर्मिनस-भिवानी-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी, समय में भी बदलाव

जयपुर। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा बांद्रा टर्मिनस-भिवानी-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि में विस्तार करते हुए कुल 18 अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही इस ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक परिवर्तन भी किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09005/09006 बांद्रा टर्मिनस-भिवानी-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि में विस्तार किया जा रहा है। यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से 01 अप्रैल 2026 से 29 जुलाई 2026 तक (18 ट्रिप) और भिवानी से 02 अप्रैल 2026 से 30 जुलाई 2026 तक (18 ट्रिप) संचालित की जाएगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण इस स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है, ताकि यात्रियों को समय पर बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके और लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिल सके।

इसके साथ ही गाड़ी संख्या 09005 बांद्रा टर्मिनस-भिवानी साप्ताहिक स्पेशल के मार्ग में आने वाले प्रमुख स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक बदलाव किया गया है। जिन स्टेशनों पर समय परिवर्तन किया गया है उनमें वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, दौसा और अलवर शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी रेलवे स्टेशन, रेल हेल्पलाइन या अधिकृत वेबसाइट/रेल मदद एप के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

रेलवे के इस निर्णय से गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और भीड़भाड़ के दौरान यात्रा सुगम हो।