गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी राहत, 51 जोड़ी ट्रेनों में 130 अतिरिक्त कोच लगाएगा रेलवे

जयपुर। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए 51 जोड़ी रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणी के कुल 130 डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है। इससे आरक्षण की उपलब्धता बढ़ेगी और ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह अस्थायी व्यवस्था अप्रैल माह में लागू की जा रही है। इस दौरान कई प्रमुख मेल, एक्सप्रेस, जनशताब्दी और स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी, फर्स्ट कम सेकंड एसी, चेयरकार और साधारण श्रेणी के कोच जोड़े जाएंगे।

रेलवे द्वारा लालगढ़-दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलसेवा में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जा रहे हैं। इसी तरह दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी रेलसेवा में भी अप्रैल माह में अतिरिक्त स्लीपर कोच की बढ़ोतरी की जाएगी। जयपुर-जोधपुर रेलसेवा में फर्स्ट कम सेकंड एसी तथा थर्ड एसी श्रेणी के डिब्बे अस्थायी रूप से जोड़े जा रहे हैं।

अजमेर-अमृतसर रेलसेवा में भी अप्रैल के पहले पखवाड़े में अतिरिक्त स्लीपर डिब्बे बढ़ाए जाएंगे। अजमेर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला जनशताब्दी और अजमेर-सोलापुर जैसी ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।

जोधपुर-इंदौर और इंदौर-भगत की कोठी रेलसेवा में यात्रियों की संख्या को देखते हुए स्लीपर के साथ-साथ साधारण श्रेणी के कई डिब्बे बढ़ाए जा रहे हैं। वहीं जोधपुर-वाराणसी सिटी रेलसेवाओं में थर्ड एसी श्रेणी के डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है।

इसके अलावा जोधपुर-दादर, भगत की कोठी-दादर, जोधपुर-साबरमती, साबरमती-जैसलमेर, अजमेर-सियालदाह, श्रीगंगानगर-दिल्ली, दिल्ली-बठिंडा सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।

रेलवे ने स्थानीय और क्षेत्रीय यात्रियों को भी राहत देने के लिए श्रीगंगानगर-अम्बाला, हनुमानगढ़-जयपुर, हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर, श्रीगंगानगर-बठिंडा और बठिंडा-धुरी जैसी ट्रेनों में साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बों की संख्या बढ़ाई है। इससे बिना आरक्षण यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि गर्मियों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती है और इसी को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी कोच बढ़ोतरी की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की तिथि और कोच बढ़ोतरी की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से अवश्य प्राप्त कर लें।