दूधवाखारा-सादुलपुर के बीच आरयूबी निर्माण कार्य, 15 अप्रैल को रेल यातायात रहेगा प्रभावित

बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में दूधवाखारा और सादुलपुर स्टेशनों के मध्य चूरू यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या 167 पर आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) निर्माण कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते 15 अप्रैल 2026 को कई रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि आरयूबी निर्माण कार्य के कारण कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ आंशिक रूप से रद्द की जाएंगी, वहीं कुछ रेलसेवाओं का मार्ग परिवर्तन और समय में बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04849 रतनगढ़-चूरू स्पेशल को दिनांक 15 अप्रैल 2026 को प्रारंभिक स्टेशन से पूरी तरह रद्द किया गया है।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 74832 चूरू-बीकानेर रेलसेवा 15 अप्रैल को चूरू के स्थान पर रतनगढ़ से प्रस्थान करेगी, जिससे यह ट्रेन चूरू से रतनगढ़ के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

आरयूबी निर्माण कार्य के चलते गाड़ी संख्या 12404 लालगढ़-प्रयागराज एक्सप्रेस, जो 15 अप्रैल को लालगढ़ से रवाना होगी, उसे परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन अब बीकानेर-मेडता बाईपास-फुलेरा-जयपुर होकर चलेगी। परिवर्तित मार्ग में यह रेलसेवा नोखा, नागौर, डेगाना, मकराना और फुलेरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

वहीं कुछ ट्रेनों को रीशड्यूल भी किया गया है। गाड़ी संख्या 04850 चूरू-रतनगढ़ रेलसेवा 15 अप्रैल को चूरू से अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 45 मिनट देरी से प्रस्थान करेगी। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 74831 बीकानेर-चूरू रेलसेवा भी उसी दिन बीकानेर से 1 घंटा 30 मिनट की देरी से रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या नजदीकी स्टेशन से प्राप्त कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।