टीआरडी/इलेक्ट्रीकल बनी डीआरएम क्रिकेट कप 2025-26 की विजेता, टीआरओ/सेफ्टी को हराकर जीता खिताब

अजमेर। अजमेर मंडल खेल संघ (एडीएसए) के तत्वावधान में एडीएसए स्पोर्ट्स ग्राउंड पर आयोजित डीआरएम क्रिकेट कप 2025-26 का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टीआरडी/इलेक्ट्रीकल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीआरओ/सेफ्टी टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

रविवार को खेले गए फाइनल मैच के बाद आयोजित समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अजमेर एवं एडीएसए अध्यक्ष राजू भूतड़ा तथा रिंकल भूतड़ा (अध्यक्षा, महिला कल्याण समिति) की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के दौरान विजेता टीम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

डीआरएम कप में अजमेर मंडल की कुल 10 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 20 लीग मैच खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने खेल भावना और टीमवर्क का शानदार परिचय दिया।

इस अवसर पर खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एडीएसए स्पोर्ट्स ग्राउंड में नव-स्थापित फ्लड लाइट एवं नव-निर्मित क्रिकेट प्रैक्टिस नेट का उद्घाटन भी राजू भूतड़ा और रिंकल भूतड़ा द्वारा किया गया। फ्लड लाइट की सुविधा शुरू होने से अब खिलाड़ियों को रात्रि में भी अभ्यास और मैच खेलने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे खेल प्रतिभाओं को और बेहतर अवसर मिलेंगे।

समारोह में वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों, महिला कल्याण संगठन की सदस्यों, खिलाड़ियों, रेल कर्मचारियों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। डीआरएम कप 2025-26 का सफल आयोजन एडीएसए सचिव एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री प्रदीप कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।

समापन के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागी टीमों, सहयोगियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया।