Chandauli News:राम नवमी पर नेगुरा में भव्य शोभायात्रा, युवाओं व महिलाओं की दिखी उत्साहपूर्ण भागीदारी अखंड रामायण पाठ के समापन के बाद निकली शोभायात्रा, पूरे गांव में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

संवाद न्यूज एजेंसी

चंदौली।राम नवमी के पावन अवसर पर सदर विकासखंड क्षेत्र के नेगुरा गांव में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। काली माता मंदिर पर आयोजित अखंड रामायण पाठ के समापन के उपरांत गांव के युवाओं और महिलाओं के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पूरे गांव ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

शोभायात्रा काली माता मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंची। इस दौरान पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु हाथों में ध्वज और झंडे लिए भगवान राम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।यात्रा में शामिल युवाओं और महिलाओं ने अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाया।जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा पुष्प वर्षा कर वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष नवरात्रि के दौरान काली माता मंदिर पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जाता है, जिसके समापन पर यह शोभायात्रा निकाली जाती है।इस अवसर पर गांव के सभी प्रमुख मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली, जहां सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में वायरल अधिवक्ता विजय लक्ष्मी सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से नई पीढ़ी में संस्कार और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है।पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंत में सभी ग्रामवासियों ने एकजुट होकर क्षेत्र की खुशहाली और शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान पंडुल पांडेय, मयंक सिंह राय, शिवम पांडेय, किशन सिंह, धरनेद्र सिंह, नीतीश कुमार सिंह (गप्पू), पुष्कर मौर्य, शीतल सिंह, आशुतोष दुबे, धुर्बल पांडेय, गाचा मास्टर, आत्मा यादव, रिसू पांडेय, नवीन सिंह, अखिलेश सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।