पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआ खेलते 14 आरोपी गिरफ्तार, 1.17 लाख नकद समेत 52 बाइक और कारतूस बरामद

मुगलसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआ खेलते 14 आरोपी गिरफ्तार, 1.17 लाख नकद समेत 52 बाइक और कारतूस बरामद


चंदौली। जनपद चंदौली में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और कारतूस समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पीयूष मोर्डिया और वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी अनंत चंद्रशेखर और अरूण कुमार सिंह द्वारा की जा रही थी।


बताया गया कि प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह और स्वाट/सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरा के सिवान में मग्गू पटेल के घर के पास बगीचे और मकान के अंदर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 1,17,220 रुपये नकद, 12 स्मार्ट मोबाइल फोन, 208 ताश के पत्ते, 52 मोटरसाइकिल, चार खोखा कारतूस (32 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसमें से 1,05,580 रुपये फड़ से और 11,640 रुपये आरोपियों की तलाशी के दौरान मिले।


पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे आपस में मिलकर पैसों के लालच में जुआ खेलते थे। पुलिस से बचने के लिए जुआ खेलने का स्थान हर 10 से 15 दिन में बदल दिया जाता था। पहले गंगा नदी के किनारे जुआ खेला जाता था, लेकिन विवाद होने के बाद स्थान बदलकर मग्गू पटेल के मकान में जुआ संचालित किया जा रहा था।


पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी अपने मोबाइल फोन फड़ पर ही रखते थे ताकि बाहरी लोगों के माध्यम से पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिल सके और समय रहते भागने का मौका मिल जाए।


इस मामले में थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 135/2026 धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।