सकलडीहा पुलिस की कार्रवाई: चोरी की भैंस बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त

सकलडीहा (चंदौली)। जनपद चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चोरी की भैंस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना सकलडीहा पुलिस टीम ने सफलता हासिल की।

थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रमरेपुर पुलिया से विशुनपुर कला जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। जांच के दौरान उसके पास से चोरी की भैंस बरामद हुई।

गिरफ्तार युवक की पहचान शान्तनू प्रसाद पुत्र धर्मराज बिंद निवासी अटौली थाना धानापुर जनपद चंदौली, उम्र लगभग 20 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने चोरी की घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन (UP67AT9402) को भी बरामद कर लिया है।

क्या था मामला

पुलिस के अनुसार उकनी वीरम राय गांव में 27 फरवरी 2026 को अखिलेश यादव के घर के बाहर से अज्ञात चोरों द्वारा एक भैंस चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना सकलडीहा में मु0अ0सं0 54/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की भैंस और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के साथ उपनिरीक्षक अजय कुमार शर्मा, कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार मौर्य तथा कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।