ग्रीष्मकालीन अवकाश में यात्रियों को बड़ी राहत, जम्मू-छपरा के बीच चलेगी विशेष आरक्षित स्पेशल ट्रेन

जम्मू। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए जम्मू मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू से छपरा के बीच विशेष आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रशासन समय-समय पर अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा प्रदान करने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन करता रहा है। इसी क्रम में अब जम्मू तवी और छपरा के बीच ट्रेन संख्या 05193/05194 का संचालन किया जा रहा है।

रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 15-15 फेरों के लिए चलाई जाएगी, जिससे जम्मू, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार ट्रेन संख्या 05194 (जम्मू तवी से छपरा) का संचालन 8 अप्रैल से 15 जुलाई तक कुल 15 फेरों के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन जम्मू तवी स्टेशन से प्रत्येक बुधवार रात 01:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन गुरुवार को सुबह 09:15 बजे छपरा पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 05193 (छपरा से जम्मू तवी) का संचालन 6 अप्रैल से 13 जुलाई तक कुल 15 फेरों के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन छपरा स्टेशन से प्रत्येक सोमवार दोपहर 14:12 बजे रवाना होगी और अगले दिन मंगलवार को रात 23:00 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में कठुआ, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अम्बाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, लक्सर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहानपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, पाडरौना, थावें, दिघावा डुबौली और छपरा कचहरी स्टेशनों पर होगा।

रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में एसी कोच, स्लीपर कोच और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं, जिससे सभी वर्ग के यात्रियों को यात्रा करने में सहूलियत मिलेगी।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि गर्मियों के मौसम में यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है, ऐसे में अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए जम्मू और छपरा के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा को सुगम बनाने के लिए टिकट की अग्रिम बुकिंग आईआरसीटीसी वेबसाइट या रेलवे आरक्षण काउंटर से करा लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रेलवे के इस निर्णय से विशेष रूप से उन यात्रियों को लाभ मिलेगा जो गर्मी की छुट्टियों में अपने गृह नगर जाने के लिए लंबी दूरी की यात्रा करते हैं। यह ट्रेन यात्रियों के लिए एक बेहतर और अतिरिक्त विकल्प साबित होगी।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल