श्री माता वैष्णो देवी धाम में शत चंडी महायज्ञ संपन्न, रामनवमी पर हुआ पूर्णाहुति के साथ समापन,नवरात्रि में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, यात्रा में दिखा बढ़ता रुझान

श्री माता वैष्णो देवी धाम में शत चंडी महायज्ञ संपन्न, रामनवमी पर हुआ पूर्णाहुति के साथ समापन

नवरात्रि में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, यात्रा में दिखा बढ़ता रुझान

कटरा। चैत्र नवरात्रि के दौरान श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) द्वारा विश्व शांति, सौहार्द, समृद्धि और मानव कल्याण की कामना के साथ आयोजित नौ दिवसीय शत चंडी महायज्ञ का समापन गुरुवार को रामनवमी के पावन अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र धाम में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पूर्णाहुति सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न किए गए। कार्यक्रम में श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ भाग लेकर पूजा-अर्चना की। महायज्ञ का संचालन प्रतिष्ठित विद्वान पंडितों के समूह द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व पद्मश्री प्रो. विश्वमूर्ति शास्त्री ने किया।

श्राइन बोर्ड के अनुसार नवरात्रि अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में माता के दर्शन किए। प्रतिदिन औसतन करीब 37 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचे। वर्ष 2026 में यात्रा में लगातार बढ़ोतरी का रुझान देखा गया है। आंकड़ों के अनुसार 26 मार्च तक कुल 18,76,715 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2025 में यह संख्या 16,72,046 रही थी।

श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा को सुरक्षित व सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए श्राइन बोर्ड ने अनधिकृत सेवा प्रदाताओं और फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ाई। हाल ही में मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में सेवा प्रदाताओं और संबंधित हितधारकों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि श्राइन बोर्ड की प्रवर्तन शाखा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों को शामिल करते हुए संयुक्त प्रवर्तन टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें यात्रा मार्ग पर औचक निरीक्षण कर पंजीकरण रहित सेवा प्रदाताओं पर रोक लगाएंगी। साथ ही प्रवेश स्थलों पर निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

श्राइन बोर्ड ने नवरात्रि के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए। भवन, अटका और आसपास के क्षेत्रों को आकर्षक फूलों की सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण मिला। यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र में पानी व बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई, साथ ही साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया गया।

श्रद्धालुओं के लिए बोर्ड द्वारा संचालित लंगरों और भोजनालयों में व्रत संबंधित विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। आवास, बैटरी कार सेवा, यात्री रोपवे तथा हेलीकॉप्टर सेवा भी पूरे नवरात्रि काल में सुचारू रूप से संचालित रही, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिली।

नवरात्रि उत्सव के दौरान अटका आरती के समय सुबह और शाम भजन-कीर्तन एवं भेंट गायन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में प्रसिद्ध कलाकारों ने प्रस्तुति दी, जिनमें मणि लाडला, रैंपी साज, बाबुल सुप्रियो, रसराज जी महाराज, हैप्पी लकी, हंसराज रघुवंशी, गौतम जालंधरी, बिशन दास, शीतल पांडे, लखविंदर वडाली, यादववंशी ब्रदर्स, मीका सिंह, स्वास्ति मेहल, मैथिली ठाकुर और दीपक कुमार सहित अन्य कलाकार शामिल रहे। वहीं एसएमवीडी गुरुकुल के विद्यार्थियों की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने भी वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।

श्राइन बोर्ड ने बताया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक यात्रा अनुभव मिल सके।