महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने झारसुगुड़ा–रायगढ़ रेलखंड का किया व्यापक संरक्षा निरीक्षण

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने झारसुगुड़ा?रायगढ़ रेलखंड का किया व्यापक संरक्षा निरीक्षण
रेल संरचना, मेजर ब्रिज, स्टेशन पुनर्विकास व यात्री सुविधाओं की हुई गहन समीक्षा
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज बिलासपुर मंडल अंतर्गत झारसुगुड़ा?रायगढ़ रेलखंड का व्यापक एवं गहन संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे संरचना की गुणवत्ता, संरक्षा मानकों, परिचालन व्यवस्था, स्टेशन विकास कार्यों तथा यात्री सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्षों के साथ बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षकगण उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत झारसुगुड़ा स्टेशन से हुई, जहां महाप्रबंधक ने ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने झारसुगुड़ा से ईब के मध्य विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर ट्रैक एवं संरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया।
इसके बाद महाप्रबंधक ने ईब?ब्रजराजनगर खंड में ईब नदी पर बने रेलवे मेजर ब्रिज क्रमांक 182 का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ब्रिज के गर्डर, ट्रैक तथा अन्य संरचनात्मक पहलुओं की बारीकी से जांच की और संबंधित अधिकारियों को संरक्षा मानकों के अनुरूप रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में कर्व संख्या 01बीसी एवं एसईजे संख्या 04ए का भी संरक्षा निरीक्षण किया गया।
ब्रजराजनगर स्टेशन पर अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा
महाप्रबंधक ने ब्रजराजनगर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पैनल रूम, रिले रूम, क्रू लॉबी, रनिंग रूम, विद्युत उपकेंद्र, यार्ड एवं पॉइंट्स, रेलवे उप चिकित्सालय सहित रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान महाप्रबंधक ने क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और लोको पायलटों व रेलकर्मियों से संवाद कर संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी विचार-विमर्श किया।
बेलपहाड़ स्टेशन व विद्युत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने बेलपहाड़ स्टेशन, ओएचई डिपो, टीएसएस तथा अन्य विद्युत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों, डीआरयूसीसी सदस्यों, रेल उपभोक्ता फोरम के प्रतिनिधियों एवं मीडिया से मुलाकात कर सुझाव प्राप्त किए।
बेलपहाड़ से आगे बढ़ते हुए महाप्रबंधक ने बेलपहाड़?हिमगीर सेक्शन में स्पीड ट्रायल कर ट्रैक क्षमता एवं संरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया।
समपार संख्या 276 व सिग्नलिंग हट की जांच
महाप्रबंधक ने हिमगीर?दाघोरा के मध्य स्थित समपार संख्या 276 का निरीक्षण करते हुए हाइट गेज, रोड सतह, गेट बूम, स्पीड ब्रेकर आदि की जांच की। साथ ही ड्यूटी पर तैनात गेटमैन से संरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।
इसके अलावा जामगा?कोतरलिया के मध्य स्थित ऑटो सिग्नलिंग हट का गहन निरीक्षण किया गया तथा निरीक्षण क्रम में कोतरलिया स्टेशन का भी अवलोकन किया गया।
रायगढ़ स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण
रायगढ़ स्टेशन पहुंचकर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन यार्ड में पॉइंट्स का गहन निरीक्षण किया तथा आरपीएफ पोस्ट में शस्त्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी उन्होंने चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक द्वारा ईब, लजकुरा एवं जामगा जैसे मध्यवर्ती स्टेशनों का भी संरक्षा निरीक्षण किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस व्यापक निरीक्षण के माध्यम से रेलखंड की संरचनात्मक गुणवत्ता, संरक्षा व्यवस्था, यात्री सेवाओं, वाणिज्यिक उपयोगिता तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया गया है, जिससे भविष्य में सुधारात्मक कदमों एवं योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।