तारबहार अंडरब्रिज 1 अप्रैल से 15 मई तक रहेगा बंद, सड़क मरम्मत कार्य शुरू होगा

तारबहार अंडरब्रिज 1 अप्रैल से 15 मई तक रहेगा बंद, सड़क मरम्मत कार्य शुरू होगा

रेलवे ने नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग किए निर्धारित

बिलासपुर। रेल प्रशासन द्वारा रेलवे अंडरब्रिजों में आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध सड़क आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत बिलासपुर स्टेशन यार्ड के किमी 719/28-30 पर स्थित तारबहार अंडरब्रिज (एलएचएस-366) में सड़क मरम्मत का कार्य किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अंडरब्रिज में सड़क की स्थिति को सुधारने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते तारबहार अंडरब्रिज को 01 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद रखा जाएगा।

रेल प्रशासन ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेगा। वाहन चालक चुचुहियापारा रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) तथा हेमुनगर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) के माध्यम से आवागमन कर सकेंगे।

रेल प्रशासन ने आम जनता को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है। रेलवे का कहना है कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद तारबहार अंडरब्रिज पर सड़क आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।