दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 76वीं बैठक संपन्न

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 76वीं बैठक का आयोजन 25 मार्च 2026 को महाप्रबंधक तरूण प्रकाश की अध्यक्षता में महाप्रबंधक सभाकक्ष में किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड की व्यक्तिगत नगद पुरस्कार योजना तथा क्षेत्रीय हिंदी प्रतियोगिता-2025 के विजेताओं को महाप्रबंधक तरूण प्रकाश के करकमलों से सम्मानित किया गया। इसके पश्चात समिति के उपाध्यक्ष शिवशंकर लकड़ा ने बैठक की कार्यसूची प्रस्तुत की, जिस पर सदस्यों द्वारा विस्तार से चर्चा की गई।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने कहा कि हिंदी में सरकारी कार्य करना कठिन नहीं है, बल्कि इसे सहज रूप से अपनाया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यालय ?क? क्षेत्र में स्थित है और अधिकांश कर्मचारी हिंदी भाषी हैं, इसलिए अधिकतम कार्य हिंदी में ही किया जाना चाहिए।

बैठक में राजभाषा के विभिन्न मदों की समीक्षा की गई तथा हिंदी में कार्य की प्रगति को संतोषजनक बताया गया। उपाध्यक्ष एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी शिवशंकर लकड़ा ने जानकारी दी कि गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही की प्रगति की समीक्षा की गई है। साथ ही संसदीय राजभाषा समिति द्वारा महाप्रबंधक कार्यालय, रायपुर मंडल एवं रायपुर कारखाना में किए गए निरीक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

बैठक का संचालन शिवशंकर लकड़ा द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय)पीताम्बर लाल जाटवर ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन और उसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया गया।