अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बिलासपुर मंडल में महिला कर्मचारियों का सम्मान

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल की महिला कल्याण संस्था सेक्रो महिला कल्याण संगठन बिलासपुर मंडल द्वारा रेलवे ऑडिटोरियम, बिलासपुर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मियों ने भाग लिया।

सेक्रो महिला कल्याण संगठन बिलासपुर मंडल लंबे समय से रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसके साथ ही यह संगठन समय-समय पर भारतीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेक्रो अध्यक्षा रीता श्रीवास्तव रहीं। इस अवसर पर सेक्रो की सचिव मोनिका देवांगन, कोषाध्यक्ष अर्पिता गर्ग, अन्य पदाधिकारी सदस्याएं तथा मंडल की महिला कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात महिला कर्मचारियों के उत्साहवर्धन और मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान अग्रज नाटक दल द्वारा सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक ए नोट टू सुसाइड की प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

इस अवसर पर रेल संचालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बिलासपुर मंडल की 38 महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जेईई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 4 प्रतिभावान छात्रों को भी सेक्रो अध्यक्षा रीता श्रीवास्तव के करकमलों से सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में रीता श्रीवास्तव ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सोमवार को महिलाएं अपनी प्रतिभा, साहस और समर्पण के बल पर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों और उनके उत्कृष्ट कार्यों का वर्णन शब्दों में करना संभव नहीं है। प्रत्येक महिला में निहित विशेष क्षमताएं और आत्मविश्वास उन्हें आगे बढ़ने और समाज के लिए प्रेरणा बनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित 'मेरी सहेली','अक्षिता सेफ' और 'चाइल्ड हेल्पलाइन' जैसी जनकल्याणकारी पहलों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ये पहल यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा सहायता के लिए अत्यंत सराहनीय हैं।

कार्यक्रम के दौरान सेक्रो संगठन द्वारा पिछले वर्षों में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, सामाजिक सरोकारों तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में किए गए विभिन्न कार्यों और आयोजनों की जानकारी भी उपस्थित अतिथियों एवं महिला कर्मचारियों को दी गई। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और उनके योगदान के प्रति सम्मान का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।