फिरोजपुर मंडल में नई पहल: अब QR कोड से होगी अधिकृत वेंडरों की पहचान

फिरोजपुर। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब फिरोजपुर मंडल में ट्रेनों में सेवा देने वाले सभी अधिकृत कैटरिंग वेंडरों के लिए QR कोड युक्त आईडी कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है।

इस नई व्यवस्था के तहत रेलयात्री अपने मोबाइल फोन से वेंडर के आईडी कार्ड पर लगे QR कोड को स्कैन कर उसकी पहचान और प्रामाणिकता तुरंत जांच सकेंगे। स्कैन करते ही वेंडर का नाम, पता, स्टॉल संख्या, सत्यापन स्थिति सहित अन्य जरूरी जानकारी स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे यात्रियों को सही वेंडर की पहचान करने में आसानी होगी और धोखाधड़ी की आशंका कम होगी।

इतना ही नहीं, अब खाद्य पैकेट्स पर भी QR कोड अंकित किए जा रहे हैं। इससे यात्रियों को भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और संबंधित जानकारी सीधे प्राप्त हो सकेगी। यह कदम न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगा, बल्कि अनधिकृत वेंडरों पर भी प्रभावी रोक लगाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी के अनुसार, यह पहल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस व्यवस्था से खानपान संबंधी शिकायतों में कमी आने की भी उम्मीद है।

रेलवे की इस डिजिटल पहल से यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा और यात्रा अनुभव पहले से अधिक सुरक्षित और बेहतर बनेगा।