मुरादाबाद: कटघर पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध हथियारों का जखीरा बरामद—तीन आरोपी दबोचे

मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस की सतर्कता की सराहना की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

कटघर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुष्यंत उर्फ दीपक निवासी लाइनपार (थाना मझोला), ऋषभ शर्मा निवासी एकता कॉलोनी (थाना मझोला) और अजीम निवासी गोवर्धनपुर (थाना मुंडा पांडे) के रूप में हुई है।

हथियारों का जखीरा बरामद, पुलिस भी चौंकी

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपियों के कब्जे से दो तमन्चे 315 बोर, 60 जिन्दा कारतूस 315 बोर व 35 खोखा कारतूस 315 बोर, व एक तमन्चा 12 बोर, 02 जिन्दा कारतूस 12 बोर, व 07 खोखा कारतूस 12 बोर, व 12 देशी बम (विस्फोटक हथगोले ) बरामद इतनी बड़ी मात्रा में हथियार मिलने से पुलिस भी अलर्ट हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

आपराधिक कनेक्शन की जांच तेज

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ दीपक पहले भी अवैध हथियार फैक्ट्री के मामले में जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना है। वहीं अजीम के खिलाफ पहले से मारपीट का मुकदमा दर्ज है। तीसरे आरोपी ऋषभ शर्मा का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन उससे भी गहन पूछताछ जारी है।

बड़ी साजिश की आशंका, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों की सप्लाई कहां से हुई और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।खुलासा इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जहां एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह मीडिया को पूरी जानकारी देते हुए कहा कि ।कटघर पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। आम जनता ने भी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही कदम उठाने की उम्मीद जताई है।