रेवाड़ी–जयपुर वाया नीमराना नई रेल लाइन को मंजूरी, सर्वे कार्य शुरू होगा जल्द

देश में रेल संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत अश्विनी वैष्णव ने हरियाणा और राजस्थान के महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ने वाली नई रेल लाइन परियोजना को हरी झंडी दे दी है।

रेवाड़ी से जयपुर तक वाया नीमराना प्रस्तावित 191 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के लिए फ़ाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इस सर्वे के लिए 5.73 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है।

रेल मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य राजस्थान और हरियाणा के बीच रेल संपर्क को सशक्त बनाना है। यह नई रेल लाइन रेवाड़ी, नीमराना और जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधे रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी। साथ ही जयपुर की ओर एक नया वैकल्पिक रेल मार्ग उपलब्ध कराएगी, जिससे यात्रियों और माल परिवहन दोनों को लाभ मिलेगा।

यह परियोजना विशेष रूप से औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि नीमराना और उसके आसपास स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों तक रेल मार्ग की सीधी पहुंच आसान हो जाएगी। इससे व्यापार, उद्योग, कृषि और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फ़ाइनल लोकेशन सर्वे पूरा होने के बाद परियोजना की तकनीकी और वित्तीय व्यवहार्यता का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी।

रेलवे द्वारा देशभर में इस प्रकार की योजनाओं के माध्यम से नए क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है, जिससे आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्रीय विकास को गति मिल सके।