दिल्ली-अंबाला रेलखंड पर तकनीकी कार्य: कई ट्रेनें रद्द, कुछ के मार्ग बदले, समय में भी बदलाव

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। उत्तर रेलवे के दिल्ली-अम्बाला रेलखंड पर स्थित शाहाबाद मारकंडा रेलवे स्टेशन और मोहरी रेलवे स्टेशन पर नए इंटरलॉकिंग पैनल व अन्य तकनीकी कार्य किए जाने हैं। इसके चलते रेल प्रशासन द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे कई रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारीअमित सुदर्शन के अनुसार इस कार्य के कारण कई ट्रेनों को रद्द, मार्ग परिवर्तित, रीशेड्यूल और रेगुलेट किया गया है।

इन ट्रेनों को किया गया रद्द

अजमेर-चंडीगढ़ और चंडीगढ़-अजमेर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 12983, 12984, 20977 और 20978 निर्धारित तिथियों पर पूरी तरह रद्द रहेंगी। इससे यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।

इन ट्रेनों का बदला गया मार्ग

अजमेर-जम्मूतवी (12413) और जम्मूतवी-अजमेर (12414) रेलसेवाएं 30 मई से 4 जून 2026 तक परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें अब दिल्ली, शकूरबस्ती, जाखल, धूरी और लुधियाना होकर संचालित होंगी। इस दौरान करनाल और अंबाला स्टेशनों पर इनका ठहराव नहीं होगा।

रेगुलेट (देरी से संचालित) ट्रेन

कालका-भिवानी (14796) ट्रेन 6 जून 2026 को अंबाला स्टेशन पर लगभग 20 मिनट तक रोकी जाएगी।

रीशेड्यूल (देरी से रवाना) ट्रेनें

गांधीनगर कैपिटल-दौलतपुर चौक (19411) ट्रेन 30 मई से 4 जून के बीच अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 40 मिनट देरी से चलेगी। वहीं चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस (22452) ट्रेन 31 मई और 3 जून को करीब 1 घंटा 30 मिनट की देरी से रवाना होगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।