मुरादाबाद में ‘ओपी गोल्ड’ कुट्टू के आटे की बिक्री पर तत्काल रोक, प्रशासन अलर्ट

मुरादाबाद। जनपद में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए ?ओपी गोल्ड? ब्रांड के साबुत कुट्टू के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह निर्णय जनपद बागपत और बिजनौर में इस ब्रांड के कुट्टू का सेवन करने के बाद लोगों की तबीयत खराब होने की घटनाओं के सामने आने के बाद लिया गया है।

प्रशासन के अनुसार, गाजियाबाद स्थित विशाल ट्रेडर्स रामनगर द्वारा सप्लाई किए जा रहे इस कुट्टू के आटे को फिलहाल संदिग्ध मानते हुए उसकी बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है और बाजारों में लगातार निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यदि कोई दुकानदार इस ब्रांड का कुट्टू बेचता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी ?ओपी गोल्ड? ब्रांड का कुट्टू बिकता दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ के सेवन से बचने की सलाह दी है। साथ ही इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रिंट और अन्य माध्यमों से जागरूकता फैलाने की भी अपील की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचा जा सके।