अलीगढ़ में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई ईद की नमाज़, अग्निशमन विभाग रहा अलर्ट

अलीगढ़ में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई ईद की नमाज़, अग्निशमन विभाग रहा अलर्ट

अलीगढ़। ईद-उल-फितर की अलीगढ़ में आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल के बीच मनाया गया। शहर के ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाज़ अदा करने के लिए बड़ी संख्या में नमाज़ी पहुंचे। सभी ने देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मुकेश कुमार के नेतृत्व में विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर तैनात रहीं। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहले से ही तैनात किया गया था ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान सावधानी बरतें। प्रशासन और विभाग की सतर्कता के चलते पूरे शहर में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।