मुरादाबाद में स्क्रैप गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्क्रैप के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर दो तहसीलों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गोदाम में रखे फ्रिज, वाशिंग मशीन और भारी मात्रा में प्लास्टिक का सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

सीएफओ डॉ. आर. के. पाण्डेय के निर्देशन में एफएसएसओ मोहित कुमार के नेतृत्व में टीम ने तेजी और सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।