उत्कृष्ट कार्यों के लिए थाना प्रभारी रजावली का स्वागत एवं सम्मान

फिरोजाबाद। नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ पीताम्बरा के भक्तों द्वारा थाना रजावली प्रभारी बृजकिशोर का उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे और थाना प्रभारी के कार्यों की सराहना की गई।

राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि थाना प्रभारी का कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा है। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में दिन-रात मेहनत करते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सेवाएं दी हैं। वहीं सचिन प्रताप सिंह ने कहा कि थाना प्रभारी सरल स्वभाव और मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी हैं, जो फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।

अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि थाना प्रभारी ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाते हुए शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की है। पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद पाल सिंह उर्फ बिन्नू ने बताया कि उन्होंने अपराधियों पर सख्ती दिखाते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई, जिससे क्षेत्र में अपराधों में कमी आई है।

निवर्तमान मंडल अध्यक्ष संजू प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को जागरूक कर उनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है, जिससे क्षेत्र की महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

इस दौरान थाना प्रभारी बृजकिशोर ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद करने की अपील की।