नवरात्रि में बिजनौर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सीएफओ ने जारी किए सख्त सुरक्षा निर्देश

नवरात्रि में बिजनौर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सीएफओ ने जारी किए सख्त सुरक्षा निर्देश

बिजनौर। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व को लेकर जनपद में तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश के फायर महानिदेशक सुजीत पांडेय के निर्देशों के बाद बिजनौर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ. आर. के. पाण्डेय ने आमजन और पंडाल आयोजकों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

सीएफओ डॉ. पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि नवरात्रि के दौरान पंडालों, मंदिरों और घरों में बढ़ती सजावट, बिजली की लाइटिंग और धार्मिक आयोजनों के चलते आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि बिजली की सजावट करते समय सभी तारों की अच्छी तरह जांच करें और किसी भी हालत में ढीले या कटे हुए तारों का इस्तेमाल न करें। दीपक, अगरबत्ती और अखंड ज्योति को हमेशा सुरक्षित स्थान पर रखें और इन्हें पर्दों या ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें।

गैस सिलेंडर और चूल्हे के पास सजावट सामग्री रखने से बचने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही पंडालों में पर्याप्त निकास मार्ग (एग्जिट) रखना अनिवार्य बताया गया है, ताकि आपात स्थिति में भगदड़ की स्थिति न बने और लोग सुरक्षित बाहर निकल सकें।

सीएफओ ने यह भी निर्देश दिए कि सभी पंडालों और मंदिर परिसरों में अग्निशामक यंत्र और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को आग, दीपक और पटाखों से दूर रखें और उन पर लगातार नजर बनाए रखें।

अंत में सीएफओ ने अपील की कि सभी लोग मिलकर जिम्मेदारी निभाएं और छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर नवरात्रि पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और श्रद्धा के साथ मनाएं।