आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को बचाने यमदूत से पहले पहुंची पचोखरा पुलिस

फिरोजाबाद। थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव नगला महादेव में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर महिला को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार नगला महादेव निवासी एक महिलाघरेलू विवाद के बाद अपने कमरे में बंद हो गईं और साड़ी से फंदा लगाकर जान देने का प्रयास करने लगीं। परिजनों ने जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलते देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना पचोखरा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर महिला को फंदा लगाने से पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके परिजनों की काउंसिलिंग भी की।

पुलिस के अनुसार महिला पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई।