राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने जिला अस्पताल व आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, नवजात बेटियों के जन्म पर मनाया कन्या जन्मोत्सव

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने जिला अस्पताल व आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, नवजात बेटियों के जन्म पर मनाया कन्या जन्मोत्सव

चंदौली। जनपद चंदौली में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त चिकित्सालय एवं मातृ शिशु विंग का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

अध्यक्ष ने अस्पताल के मातृ शिशु विंग का निरीक्षण करते हुए पूरे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था को और बेहतर तथा आधुनिक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल में जन्मी नवजात बच्चियों के परिवारजनों से मुलाकात की और उन्हें बेटियों के जन्म पर खुशी मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटा और बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। बेटियों को भी अच्छी शिक्षा, स्वतंत्रता और अवसर दिए जाने चाहिए ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत नवजात बच्चियों के जन्म के अवसर पर अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान डॉ. बबीता सिंह चौहान ने केक काटकर बच्चियों के जन्म का उत्सव मनाया तथा उनकी माताओं को कन्या जन्मोत्सव सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया और किट का वितरण भी किया।

निरीक्षण के दौरान वाई के राय (मुख्य चिकित्साधिकारी), दिव्या ओझा (उप जिलाधिकारी सदर), देवेंद्र कुमार (पुलिस क्षेत्राधिकारी), प्रभात कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां संचालित योजनाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा महिलाओं और बच्चों के हित में चलाई जा रही योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।