चंदौली में 18 मार्च को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 40 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर

चंदौली में 18 मार्च को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 40 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर

चंदौली। जनपद चंदौली में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिलाधिकारी चंदौली के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

सूचना विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली द्वारा 18 मार्च 2026 को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर, अहिरौरा रोड चकिया में आयोजित होगा।

रोजगार मेले में बेरोजगार अभ्यर्थी ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रतिभाग कर सकेंगे। मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर रोजगार मेले से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी, जिसके आधार पर इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

इस रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और योग्य अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर जॉब ऑफर प्रदान करेंगी। प्रमुख कंपनियों में लावा इंटरनेशनल, अशोक लीलैंड, सुब्रोस लिमिटेड, पेरिग्रीन सिक्योरिटी गार्ड, विजन एचआर सर्विसेज (अमेजन एवं फ्लिपकार्ट के लिए) सहित कुल 40 से अधिक नियोजक शामिल होंगे।

मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाणपत्र, बायोडाटा तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो के साथ प्रातः 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। इस रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

बताया गया कि इस मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों से उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर प्राप्त करने की अपील की है।