13 मार्च को किसानों को मिलेगी पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त, चंदौली के 1.98 लाख किसानों के खाते में पहुंचेगी 39.65 करोड़ की धनराशि

13 मार्च को किसानों को मिलेगी पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त, चंदौली के 1.98 लाख किसानों के खाते में पहुंचेगी 39.65 करोड़ की धनराशि

चंदौली। जनपद चंदौली के किसानों के लिए अच्छी खबर है। भीमसेन (उप कृषि निदेशक, चंदौली) ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार एवं कृषि निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 22वीं किस्त जारी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे नरेंद्र मोदी द्वारा गुवाहाटी से योजना की अगली किस्त किसानों के खातों में जारी की जाएगी।

इस दौरान जनपद चंदौली के 1,98,246 किसानों के बैंक खातों में कुल 39.65 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इससे जिले के हजारों किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और खेती-किसानी के कार्यों में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इसके लिए कृषि विज्ञान केंद्र सहित जिले के सभी विकास खंड मुख्यालयों और ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों पर प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी।

उप कृषि निदेशक भीमसेन ने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने-अपने विकास खंड या ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखें और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त करें।

उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी आय में वृद्धि करना तथा कृषि कार्यों को सुदृढ़ बनाना है।