ईरान के रहबर अली खामेनेई की याद में ताज़ियत पेश की गई

नई दिल्ली / मुरादाबाद। इमाम-ए-मेहदी यूथ मिशन के अध्यक्ष अधिवक्ता हसन ज़ैदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज ईरान कल्चर हाउस और ईरानी दूतावास पहुँचकर ईरान के रहबर अली खामेनेई की याद में ताज़ियत पेश की। इस अवसर पर इमाम-ए-मेहदी यूथ मिशन की ओर से तैयार किया गया कंडोलेंस लेटर और देशभर के लोगों द्वारा किए गए सैकड़ों हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन रहबर के प्रतिनिधि को सौंपा गया।

प्रतिनिधिमंडल ने ईरान कल्चर हाउस और ईरानी दूतावास में रखे कंडोलेंस रजिस्टर में हस्ताक्षर कर ईरान की अवाम और शोहदा के प्रति गहरे दुख और संवेदना का इज़हार किया। इस अवसर पर अधिवक्ता हसन ज़ैदी ने कहा कि रहबर-ए-इंक़िलाब की शख्सियत पूरी उम्मत-ए-इस्लामिया के लिए सब्र, हिम्मत और इस्तिक़ामत की मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि मज़लूमों के हक़ और इंसाफ़ के लिए उनकी सेवाएँ हमेशा याद रखी जाएँगी और उनकी विरासत आने वाली नस्लों को हक़ और इंसाफ़ के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के साथ मोहम्मदिया हॉल के सेक्रेटरी हाजी डॉ. कायम रज़ा, इस्लाम हैदर, जावेद नक़वी, ज़फरुल हसनैन ज़ैदी, शान ज़ैदी, ज़फ़र रिज़वी, तहज़ीब ज़ैदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह ताज़ियत मुहिम इंसानियत, एकता और मज़लूमों के साथ खड़े होने का प्रतीक है और ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।