हरदोई में ईंट-पत्थरबाजी का वीडियो वायरल, किशोरी गंभीर घायल, कार्रवाई की मांग

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला निहालगंज में दो पक्षों के बीच हुई ईंट-पत्थरबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों ओर से ईंटें फेंकी जाती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान एक ईंट लगने से एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता ऊषा पत्नी संजीव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना के दौरान उनकी पुत्री प्रियांशी को सिर में ईंट लगी। आरोप है कि रोहिणी पत्नी विपिन तथा विशाल पुत्र श्यामलाल ने ईंट फेंकी, जो सीधे प्रियांशी के सिर में जा लगी। इससे उसके सिर में गहरा घाव हो गया और काफी रक्तस्राव हुआ। परिजनों के अनुसार चोट के बाद से उसे चक्कर आ रहे हैं और उसकी तबीयत बिगड़ी हुई है।
घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि 25 फरवरी को प्रियांशी की हाइस्कूल पेपर निर्धारित है, लेकिन चोट के कारण उसके परीक्षा में शामिल हो पाने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।