हरदोई में भीषण सड़क हादसा, डीसीएम की टक्कर से ऑटो सवार छह घायल, चालक लखनऊ रेफर

हरदोई। जनपद के मल्लावां थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्लापुर गांव के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीसीएम तेज गति से आ रही थी और अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
घायलों में ऑटो चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय सीएचसी में जारी है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।