हरदोई में मुठभेड़ में दो शातिर चोर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल, चोरी का माल बरामद

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक उपनिरीक्षक भी कार्रवाई के दौरान घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी सुनील जौहरी, निवासी आजाद नगर, ने तहरीर देकर बताया था कि 17 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर आभूषण व नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए टीम गठित की थी, और लापरवाही बरतने वाले जेल चौकी प्रभारी विनोद गोस्वामी और हेड कांस्टेबल मो. रहीश को निलंबित कर दिया था।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि 22/23 फरवरी की रात्रि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बावन रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरते देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ में धीरेन्द्र सिंह उर्फ धीरज (हमीरपुर) और मो. कमरुद्दीन उर्फ कमरूल (मोतिहारी, बिहार) घायल हो गए।
पुलिस ने उनके कब्जे से 2000 रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, लैपटॉप, दो तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने दिन में रेकी कर रात में चोरी करना स्वीकार किया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।