हरदोई में देर रात दो दुकानों में लगी आग, टायर व सामान जलकर राख, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

हरदोई। शहर के सरकुलर रोड स्थित राम जानकी मंदिर के सामने देर रात अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में मोटर रिपेयरिंग की एक दुकान और उसके पास स्थित कपड़े प्रेस करने की छोटी दुकान आ गई। देखते ही देखते टीन शेड से ऊंची लपटें उठने लगी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात दुकान के भीतर से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। मोटर रिपेयरिंग की दुकान में टायर, ग्रीस, मोबिल ऑयल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। मोटर रिपेयरिंग की दुकान में रखे टायर, औजार और अन्य उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि प्रेस की दुकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अग्निशमन अधिकारी शिवराम यादव ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस अग्निकांड से दोनों दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।