नगर पालिका परिषद वार्ड क्रमांक 15 में वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग पर लगी मुहर,छठ घाट के लिए 6 लाख राशि हुई स्वीकृत

बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद वार्ड क्रमांक 15 खुटहनपारा के रहवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग पर आखिरकार मुहर लग गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हालिया आगमन के दौरान विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं घोषणा के क्रम में वार्ड 15 में छठ घाट निर्माण हेतु लगभग 6 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है जानकारी के अनुसार, वार्ड वासियों द्वारा लंबे समय से जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका प्रशासन से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही थी। प्रमुख मांगों में छठ घाट निर्माण, सार्वजनिक शौचालय एवं सीसी सड़क निर्माण शामिल थे। अब छठ घाट निर्माण को स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

किस्मत मिश्रा के घर के पीछे बनेगा घाट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत राशि से छठ घाट का निर्माण किस्मत मिश्रा के घर के पीछे निर्धारित स्थल पर किया जाएगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। अभी तक श्रद्धालुओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बारिश या जलभराव की स्थिति में परेशानी बढ़ जाती थी।

महिलाओं व श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

छठ घाट बनने से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। पर्व-त्योहारों के दौरान व्यवस्था बेहतर होगी और सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह निर्णय लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक पहल है।

अन्य विकास कार्यों की भी उम्मीद

वार्ड वासियों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में सार्वजनिक शौचालय एवं सीसी सड़क निर्माण जैसे अन्य प्रस्तावित कार्यों को भी शीघ्र स्वीकृति मिलेगी, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके छठ घाट निर्माण की स्वीकृति को लेकर वार्ड क्रमांक 15 के नागरिकों ने मुख्यमंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है और शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ होने की अपेक्षा जताई है।