Kanpur-सजेती में मारपीट, गोलीबारी से कई घायल:गांव में तनाव के बाद पुलिस बल तैनात.......

सजेती में मारपीट, गोलीबारी से कई घायल:गांव में तनाव के बाद पुलिस बल तैनात

मारपीट में घायलों को अस्पताल ले जाते परिजन।

कानपुर। घाटमपुर के सजेती थाना क्षेत्र में रविवार शाम मारपीट, गोलीबारी और आगजनी की घटना सामने आई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पीड़ितों के अनुसार, घटना की शुरुआत दोपहर करीब 3 बजे हुई थी। सरगांव निवासी 19 वर्षीय युवक अपने ट्रैक्टर से मढ़ा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान मढ़ा गांव निवासी महेश कुमार से उसकी कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद मामला शांत हो गया था। हालांकि, रात करीब 8 बजे आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ गाड़ियों से मढ़ा गांव पहुंचा। उन्होंने ज्ञानेंद्र (55), पड़ोसी गोलू (20) और गोलू की भाभी भाग्यवती (35) सहित अन्य लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ितों ने हमलावरों पर गोलीबारी करने का भी आरोप लगाया है। गोलीबारी के दौरान एक गोली ज्ञानेंद्र के सिर के पास से छूकर निकल गई। घायल गोलू ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के बाद हमलावरों ने महेश के घर में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सजेती थाना प्रभारी अनुज कुमार भारती ने बताया कि मामले की जानकारी आला अधिकारियों तक दे दी गई है गहनता से जांच की जा रही है दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।