होली से पहले डीडीयू स्टेशन पर सघन चेकिंग, 16.25 लाख रुपऐ नकद बरामद

चंदौली। आगामी होली त्योहार के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और Government Railway Police (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने डीडीयू जंक्शन पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक व्यक्ति के पास से 16 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

दिनांक 20 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे पैदल यात्री पुल पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति लाल रंग का छोटा बैग लेकर तेज कदमों से जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम सोनू कुमार सोनी (37 वर्ष), पुत्र बनारसी प्रसाद सोनी, निवासी पानी टंकी धनटोलिया मोहल्ला, वार्ड संख्या 26, थाना डेहरी ऑन सोन, जिला रोहतास (बिहार) बताया।

बैग की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नकदी पाई गई। मौके पर पूछे जाने पर वह रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे और बरामद नकदी को आरपीएफ पोस्ट डीडीयू लाया गया, जहां गिनती में कुल ₹16,25,000 बरामद हुए।

प्राथमिक पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि वह यह राशि वाराणसी से डेहरी ऑन सोन ले जा रहा था। मामला आयकर से संबंधित प्रतीत होने पर वाराणसी स्थित आयकर विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची आयकर विभाग की टीम को व्यक्ति और बरामद नकदी सुपुर्द कर दी गई। फिलहाल आयकर विभाग द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने किया। टीम में आरपीएफ की उपनिरीक्षक अर्चना मीणा, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल, बृजेश कुमार सिंह, सीआईबी के अवधेश प्रताप तथा जीआरपी के उपनिरीक्षक संदीप शर्मा सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।