खबर का हुआ असर: सागरपुर में रिटर्निंग वॉल निर्माण की जांच शुरू, गुणवत्ता सुधार के निर्देश

बैकुंठपुर (कोरिया)। ग्राम पंचायत सागरपुर में मनरेगा के तहत निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल कार्य में अनियमितता और घटिया गुणवत्ता को लेकर प्रकाशित खबर का असर दिखाई देने लगा है। खबर प्रकाशित होते ही संबंधित विभाग और जनपद पंचायत के अधिकारी हरकत में आ गए हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत के अधिकारियों और तकनीकी अमले ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खुदाई की गहराई, सरिया की गुणवत्ता, फाउंडेशन में पीसीसी (Plain Cement Concrete) की परत और शटरिंग व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। प्रारंभिक जांच में कुछ तकनीकी कमियां पाए जाने की बात सामने आई है।अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप ही किया जाए। जहां-जहां कमी पाई गई है, वहां सुधारात्मक कार्य तत्काल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई पर संतोष जताया है। उनका कहना है कि मीडिया में मामला उठने के बाद ही विभाग सक्रिय हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की निरंतर निगरानी की जाए ताकि बरसात के मौसम में किसी प्रकार की दुर्घटना या जन-धन हानि की स्थिति न बने।जनपद पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत होने वाले सभी निर्माण कार्यों की समय-समय पर जांच की जाती है और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि सुधारात्मक कार्य कितनी तेजी और पारदर्शिता से पूरे किए जाते हैं तथा दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।