युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मां ने लगाया हत्या का आरोप

आलापुर (अम्बेडकर नगर) | राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के टिकोरिया बुजुर्ग निवासी अभिमन्यु सिंह के कुल पाँच बच्चे थे जिसमें चार बेटियां और एक बेटा था। सबसे बड़ी बेटी बबिता उम्र लगभग 44 वर्ष,दूसरे नम्बर पर लाली उम्र लगभग 32 वर्ष,तीसरे नम्बर पर ज्योति उम्र लगभग 29 वर्ष,चौथे नम्बर पर रवि उर्फ आकाश सिंह जिसकी उम्र 28 वर्ष और पांचवें नम्बर पर ममता जिसकी उम्र लगभग 20 वर्ष हैं।बड़ी बेटी बबिता,लाली और ममता की शादी हो चुकी है जबकि ज्योति और रवि उर्फ आकाश की शादी नहीं हुई थी चार बहनों में एक ही भाई था । बहनों के सिर से भाई के साथ उनके घर का चिराग बुझ गया है। बुधवार देर शाम रवि उर्फ आकाश सिंह उम्र 28 वर्षीय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक टिकोरिया बुजुर्ग गांव का निवासी आकाश उर्फ रवि सिंह पुत्र अभिमन्यु सिंह घर से सुबह अपने पट्टीदार के साथ गया था। परिजनों ने पट्टीदारों पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।मृतक की मां अनीता सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह पिंकू उर्फ रुद्र प्रताप सिंह बोलेरो गाड़ी से उनके बेटे आकाश को अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि देर शाम उक्त लोग आकाश के साथ मारपीट कर उसे मरणासन्न अवस्था में घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए।बेटे की हालत गंभीर देख परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहाँगीरगंज लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की मां ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।वहीं इस मामले में थाना अध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है मृतक की मां ने कार्यवाही के लिए थाने पर तहरीर दी है।