धारदार हथियार से हमला,अधेड़ महिला की मौत 

धारदार हथियार से हमला,अधेड़ महिला की मौत

हरदोई:

शाहाबाद थाना क्षेत्र के आमगपुर के पास अमृता गांव में एक अधेड़ महिला की धारदार हथियार से गर्दन पर हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि अज्ञात आरोपी ने महिला पर धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ एएसपी मार्तण्ड सिंह तथा शाहाबाद क्षेत्र के एएसपी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और परिजनों से जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी वारदात के बाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।