दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा अवसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्ध

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा अवसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्ध

दरेकसा यार्ड में लेआउट सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा दरेकसा यार्ड में महत्वपूर्ण यार्ड लेआउट सुधार कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह कार्य रेल संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने तथा परिचालन क्षमता में वृद्धि करने की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल अभियंता (मध्य)अर्पित सरन नेतृत्व में इस कार्य को सुनियोजित ढंग से समयबद्ध रूप में पूरा किया गया। कार्य के अंतर्गत रोलर क्रॉसओवर संख्या 102 AB की लंबाई में 1.8 मीटर की वृद्धि की गई, जिससे ट्रैक का समुचित अलाइनमेंट सुनिश्चित हुआ है।

इस ले-आउट सुधार के पश्चात दरेकसा यार्ड में ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध हो गई है। विशेष रूप से यार्ड क्षेत्र में परिचालन लचीलापन बढ़ा है, जिससे गाड़ियों के प्रवेश, निर्गमन एवं संचालन में आसानी होगी। इसके साथ ही ट्रैक एवं प्वाइंट्स के रखरखाव से संबंधित संभावित बाधाओं में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के अवसंरचना सुधार कार्यों से न केवल रेल संरक्षा मानकों में वृद्धि होती है, बल्कि समयपालन, परिचालन दक्षता तथा समग्र सेवा गुणवत्ता में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि नागपुर मंडल में यात्रियों एवं माल परिवहन की सुरक्षित एवं विश्वसनीय सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधारभूत संरचना को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। भविष्य में भी इसी प्रकार के तकनीकी एवं संरचनात्मक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाते रहेंगे।

यह ले-आउट सुधार कार्य नागपुर मंडल की सतत विकास एवं संरक्षा-केंद्रित सोच को दर्शाता है, जो भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।