दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी संपन्न

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी संपन्न

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मुख्यालय बिलासपुर के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक मनोज गुरुमुखी की अध्यक्षता में तथा नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में 06 फरवरी को मंडल सभागार, नागपुर में सतर्कता (विजिलेंस) संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।

इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी, उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा सतर्कता संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना था।

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ उप महाप्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि सतर्कता एक सतत प्रक्रिया है, जो संगठन को सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाती है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमों का पालन करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए, जिससे भ्रष्टाचार की किसी भी संभावना को पूर्णतः समाप्त किया जा सके।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंध दीपक कुमार गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि सतर्कता केवल एक विभागीय दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक रेलवे कर्मचारी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा संगठन की सकारात्मक छवि बनाए रखने पर बल दिया।

संगोष्ठी के दौरान सतर्कता विभाग के अधिकारियों द्वारा सतर्कता संबंधी नियमों, शिकायत निवारण प्रणाली, भ्रष्टाचार निवारण उपायों एवं सर्वोत्तम प्रशासनिक प्रथाओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण, पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। संगोष्ठी का समापन सतर्कता के प्रति सजग रहने तथा संगठनात्मक मूल्यों को सुदृढ़ बनाए रखने के संकल्प के साथ किया गया।