रेलवे की ऑटो गुमटी का ताला तोड़कर रेल संपत्ति चोरी का मामला उजागर

रेलवे की ऑटो गुमटी का ताला तोड़कर रेल संपत्ति चोरी का मामला उजागर

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल ने दो आरोपियों को चोरी की संपत्ति सहित किया गिरफ्तार

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत भंडारा रोड?कोका के मध्य किलोमीटर संख्या 1066 पर स्थित रेलवे ऑटो गुमटी में ताला तोड़कर रेल संपत्ति चोरी करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चोरी की गई लगभग ₹22,475/- मूल्य की रेल संपत्ति सहित गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई मुनव्वर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, बिलासपुर के निर्देशन तथा दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/नागपुर के मार्गदर्शन में नागपुर मंडल द्वारा चलाए जा रहे ?ऑपरेशन रेल सुरक्षा? अभियान के अंतर्गत की गई। इस अभियान के तहत रेलगाड़ियों, रेल परिसरों एवं रेल संपत्ति की सुरक्षा तथा चोरी की रोकथाम हेतु लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 05 फरवरी को सूचना प्राप्त हुई कि भंडारा रोड?कोका के मध्य स्थित रेलवे ऑटो गुमटी (तीसरी लाइन गुमटी) के साथ छेड़छाड़ की गई है। प्रभारी रेसुब भंडारा एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा मौके पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि गुमटी के मुख्य द्वार एवं अंदर स्थित दोनों कमरों के ताले तोड़े गए हैं। इसके साथ ही दो एग्जॉस्ट फैन, रिले रूम का ताला तोड़कर अर्थिंग कॉपर केबल (12 कोर एवं 16 स्क्वायर केबल), आईपीएस रूम में स्थित पावर रैक को क्षतिग्रस्त किया गया तथा दीवार में लगे दो एग्जॉस्ट फैन निकालकर चोरी कर लिए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/नागपुर द्वारा स्वयं संज्ञान लेते हुए सभी सूचना तंत्रों को सक्रिय किया गया। उपनिरीक्षक मो. मुगीसुद्दीन, प्रभारी रेसुब चौकी तुमसर रोड तथा सीआईबी नागपुर से सहायक उपनिरीक्षक श्री एस.के. साहू द्वारा संयुक्त रूप से आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान किलोमीटर संख्या 1066/13?15 के मध्य झाड़ियों में छिपाई गई रेल संपत्ति बरामद की गई, जिसमें एग्जॉस्ट फैन, विभिन्न प्रकार के सिग्नल एवं अर्थिंग केबल तथा ए.आर. टर्मिनल शामिल हैं। बरामद संपत्ति की विधिवत जप्ती की गई तथा डॉग स्क्वाड, रेसुब पोस्ट गोंदिया की सहायता से आरोपियों की तलाश तेज की गई।

मंडल सुरक्षा आयुक्त द्वारा स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए तथा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित कर आसपास के क्षेत्र में एम्बुश लगाया गया। इसी दौरान लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर वजनी सामान लेकर आ रहे दो व्यक्तियों को घेराबंदी कर रोका गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम -

1. श्रीकांत ऋषी केवट (उम्र 33 वर्ष), निवासी शास्त्री वार्ड, इंदिरा आवास, वरठी, जिला भंडारा

2. शेखर शिवशंकर वरवाडे (उम्र 21 वर्ष), निवासी शास्त्री वार्ड, रमाई चौक, वरठी, जिला भंडारा बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रेलवे गुमटी का ताला तोड़कर एग्जॉस्ट फैन एवं कॉपर केबल चोरी कर झाड़ियों में छिपा दिए थे तथा उन्हें कबाड़ी को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। उनके कब्जे से रेलवे विभाग की चेयर प्लेट (वजन लगभग 45 किलोग्राम, कीमत ₹1,575/-) एवं एक दोपहिया वाहन (लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत ₹25,000/-) जप्त किया गया।

आरोपियों के विरुद्ध अपराध संख्या 01/2026, धारा 3(अ) रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत दिनांक 05.02.2026 को मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। कुल चोरी गई रेल संपत्ति की कीमत लगभग ₹22,475/- आंकी गई है।

रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल यात्रियों एवं आम जनता से अपील करता है कि यदि रेलगाड़ियों, स्टेशनों अथवा स्टेशन परिसरों में रेल संपत्ति से छेड़छाड़ या चोरी की कोई घटना दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, ऑन-ड्यूटी रेलवे कर्मचारी, टीटीई अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।