फतेहपुर में युवा कांग्रेस का बड़ा दांव! आकाश शुक्ला को सौंपी गई जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पूर्वी) की विस्तारित कमेटी को तत्काल प्रभाव से मंजूरी देते हुए पार्टी नेतृत्व ने आकाश शुक्ला को फतेहपुर जिले का युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को जिले में संगठन के लिए अहम माना जा रहा है, जिससे युवा कांग्रेस को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।छात्र राजनीति से संगठनात्मक जिम्मेदारियों तक आकाश शुक्ला का सफर लगातार सक्रिय और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने वर्ष 2009 में एनएसयूआई छात्र संघ के माध्यम से राजनीति में कदम रखा। इसके बाद वर्ष 2017 में बिंदकी विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। संगठन के प्रति समर्पण और जमीनी सक्रियता के चलते वर्ष 2021 में उन्हें युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में स्थान मिला।लगातार संगठनात्मक अनुभव और मजबूत जनसंपर्क को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए फतेहपुर जिले की कमान सौंपी है। आकाश शुक्ला जाफराबाद, बिंदकी के निवासी हैं।उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही जिले भर के कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। बधाइयों और शुभकामनाओं का सिलसिला लगातार जारी है।पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि आकाश शुक्ला के नेतृत्व में युवा कांग्रेस फतेहपुर में युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी और संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।