रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई

ऑपरेशन सतर्क के तहत शराब तस्करी में लिप्त दो आरोपी गिरफ्तार

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत रेलगाड़ियों एवं रेल परिक्षेत्र में अवैध रूप से प्रतिबंधित मादक पदार्थ, शराब एवं तंबाकू उत्पादों की तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

यह कार्रवाई मुनव्वर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, बिलासपुर के निर्देशन तथा दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में की जा रही है।

इसी क्रम में 05 फरवरी को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया के प्रभारी के नेतृत्व में मंडल टास्क टीम, RPF गोंदिया पोस्ट एवं GRP के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गोंदिया स्टेशन पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म क्रमांक 04 पर खड़ी गाड़ी संख्या 18029 (कुर्ला एक्सप्रेस) से दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक बैग के साथ पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम एवं पता इस प्रकार बताया?

1. लक्की बंजारे, पिता शेखन बंजारे, उम्र 29 वर्ष, निवासी खुटेरी, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव

2. प्रेमदास कुर्रे, पिता सोहनलाल कुर्रे, उम्र 29 वर्ष, निवासी खुटेरी, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव

आरोपियों द्वारा गोंदिया से राजनांदगांव तक का सामान्य यात्रा टिकट प्रस्तुत किया गया। उनके कब्जे में रखे बैग की तलाशी लेने पर देशी शराब के 31 नग (90 मि.ली.) पव्वा, कुल मात्रा 02 लीटर 790 मि.ली., जिसकी अनुमानित कीमत ₹1240/- पाई गई। उक्त शराब बिना किसी वैध अनुमति या दस्तावेज के परिवहन की जा रही थी।

मामला अवैध शराब तस्करी का पाए जाने पर बरामद शराब सहित दोनों आरोपियों को GRP गोंदिया के सुपुर्द किया गया, जहां उनके विरुद्ध अप. क्र. 07/2026, धारा 65(अ), (ई), 66(ब) महाराष्ट्र दारू बंदी अधिनियम के अंतर्गत दिनांक 05.02.2026 को प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि रेलगाड़ियों, स्टेशनों अथवा स्टेशन परिसरों में यदि कोई लावारिस या संदिग्ध बैग/वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी RPF पोस्ट, गाड़ी में तैनात अनुरक्षण दल, रेलवे कर्मचारी, TTE अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध समय रहते कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।